रायपुर

मुनिश्री के सानिध्य में श्रद्धा एवं उल्लास से मनाया गया 'उत्तम क्षमा' धर्म

रायपुर। श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में चल रहे समयोपदेश वर्षायोग 2026 के अंतर्गत पूज्य मुनि श्री आगम सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में दशलक्षण पर्यूषण महापर्व के प्रथम दिन अत्यंत भक्तिभाव एवं उत्साह के साथ उत्तम क्षमा दिवस मनाया गया।

पर्व के प्रथम दिन प्रातः कालीन बेला में मुनि ससंघ के सानिध्य में श्रावक संस्कार शिविर का आयोजन हुआ। प्रातःकाल की शुरुआत 5.30 बजे प्रार्थना एवं ध्यान योग से हुई। इसके पश्चात प्रातः 6.30 बजे श्रीजी का अभिषेक एवं पूजन भक्तिभाव से किया गया। वर्षायोग समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन गुरुकृपा एवं कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन नायक ने बताया कि प्रातः 8.15 बजे श्रद्धालुओं ने तत्त्वार्थ सूत्र की धार्मिक कक्षा के माध्यम से स्वाध्याय का पुण्य लाभ अर्जित किया। तत्पश्चात प्रातः 9 बजे मुनि श्री आगम सागर जी महाराज की मंगल देशना संपन्न हुई और सुबह 9.30 बजे मुनि श्री ससंघ की आहार चर्या निर्विघ्न संपन्न हुई।

पर्यूषण पर्व के प्रथम दिन जिनालय में विविध धार्मिक क्रियाओं को संपन्न कराने का पुण्य लाभ श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। प्रथम 4 स्वर्ण कलशों से श्रीजी का प्रथम अभिषेक करने का सौभाग्य सनत कुमार जैन, संजय जैन सतना, सुमित पंड्या एवं धर्मचंद जी गंगवाल को प्राप्त हुआ। विश्व शांति एवं सुख-समृद्धि की कामना हेतु रिद्धि-सिद्धि प्रदाता शांतिधारा करने का पुण्य लाभ सनत कुमार जैन, मनोज जैन, रोमिल जैन, सौम्य कुमार जैन एवं चूड़ीवाला परिवार को प्राप्त हुआ। मूलनायक भगवान के ऊपर प्रथम छत्र अर्पित करने का सौभाग्य प्रीतम जैन, श्रीमती सरिता जैन, श्रद्धेय जैन एवं श्रीमती दीप्ति जैन को प्राप्त हुआ।