छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल एवं रायपुर डाक संभाग ने नरैया तालाब में चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
रायपुर। स्वच्छ भारत अभियान 6.0 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल एवं रायपुर डाक संभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज रायपुर के नरैया तालाब परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा नागरिकों को अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित करना था।
स्वच्छता अभियान में बंच ऑफ फुल एनजीओ की टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। एनजीओ के स्वयंसेवकों ने डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर श्रमदान किया तथा नरैया तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर एनके राजपाल, सहायक निदेशक, छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, कार्यस्थल तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा स्वच्छता को जनभागीदारी के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा गया, “स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी है। आइए, मिलकर स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर रायपुर का निर्माण करें।”
छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल एवं रायपुर डाक संभाग द्वारा स्वच्छ भारत अभियान 6.0 के अंतर्गत विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। ऐसे अभियानों के माध्यम से नागरिकों में सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, स्वच्छ व्यवहार तथा सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।