दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल की साहित्‍य समिति की समन्‍वयक कुमुद लाड को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’

रायपुर। वरिष्‍ठ शिक्षाविद् और लक्ष्‍मी नारायण उ.मा. विद्यालय की सेवानिवृत्‍त व्‍याख्‍याता कुमुद लाड को एमडी एजुकेशन सोसायटी सरायपाली और कलिंगा यूनिवर्सिटी की ओर से ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड 2026’ से सम्‍मानित किया गया है। कलिंगा यूनिवर्सिटी के सभागार में रविवार, 26 सितंबर को हुए भव्‍य समोराह में कुमुद को शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों और बालिका शिक्षा को लेकर आज भी किए जा रहे सतत प्रयासों को लेकर नवाजा गया। राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम व कलिंगा यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी के कर कमलो से कुमुद लाड ने ‘लाइफ टाइम अचिवमेंट अवार्ड’ स्‍वीकार किया। 
 
महाराष्ट्र मंडल की साहित्य समिति की समन्‍वयक कुमुद लाड को मिले इस सम्‍मान पर मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले, उपाध्‍यक्ष गीता दलाल सहित पूरी कार्यकारिणी, पदाधिकारी व आजीवन सभासदों ने उन्‍हें बधाई दी है। साथ ही उनके सेहतमंद, सेवाभावी व वैभवशाली जीवन की कामना की है। साहित्य समिति की समन्‍वयक कुमुद के नेतृत्‍व में ही रविवार को सुबह मराठी अभिनव वाचक स्‍पर्धा और स्‍वतंत्र विषय पर मराठी पत्र लेखन स्‍पर्धा होगी।
 
बताते चलें कि इससे पहले भी मृदभाषी कुमुद लाड को राष्‍ट्रीय और राज्‍य स्‍तर पर दो दर्जन से अधिक सम्‍मानों से नवाजा जा चुका है। बालिका शिक्षा से लेकर मराठी भाषा के प्रचार तक को लेकर उनकी सक्रियता और किए जा रहे कार्य आज भी प्रेरक बने हुए हैं। डाक टिकटों का अभूतपूर्व संग्रह देखने के बाद लगता है कि वे अपने शौक के लिए कितनी जुनूनी और समर्पित हैं।