दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल के कलाकारों का एकल अभियन आज शाम

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल की ओर से तीन मंझे हुए रंगमंचीय कलाकार आज शाम एकल अभिनय करके अपनी भाव भंगिमाओं, संवाद अदायगी के साथ कहानी से दर्शकों को जोड़ेंगे। बैंकर्स बंधु की ओर से सोमवार, 28 अक्‍टूबर को शाम छह बजे सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में एकल अभिनय का शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें विभिन्‍न समाजों, संस्‍थाओं और सांस्‍कृतिक समितियों की ओर से हिंदी सहित अलग-अलग भाषाओं में डायलॉग डिलीवरी के साथ एक से एक प्रतिभाओें को मंच पर एकल अभिनय करते हुए देखने का सुअवसर मिलेगा।

आयोजन में महाराष्‍ट्र मंडल की ओर से तीन अनुभवी कलाकार प्रसन्‍न निमोणकर मराठी नाटक ‘आई’ की स्‍मृति में खोऐ बेटे की भूमिका में, गौरी क्षीरसागर ‘जिजाऊ का आत्‍मचिंतन’ में शिवाजी महाराज की मां जिजाऊ माता के रोल में और अभिषेक बक्षी स्‍वलिखित नाटक ‘शिव शौर्य’ में शिवाजी महाराज की भूमिका से अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। गौरी और अभिषेक हिंदी संवादों के साथ एकल अभिनय करेंगे तो प्रसन्‍न निमोणकर मराठी भाषा में ‘आई’ को एक्‍ट करेंगे। मंडल अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले सहित अनेक कार्यकारिणी सदस्‍यों व पदाधिकारियों ने तीनों कलाकारों को बेहतरीन व संवेदनशील अभिनय के लिए अग्रिम शुभाकामनाएं दी हैं।