रायपुर

तनाव प्रबंधन के लिए संगीत कार्यक्रम... संगीत की सुरमयी प्रस्तुतियों ने बांधा समां

रायपुर। डॉ. राधाबाई शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय में करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल तथा सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति के संयुक्त तत्वावधान में तनाव प्रबंधन के उद्देश्य से एक विशेष  संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत की सुमधुर प्रस्तुतियों ने वातावरण को आनंद, ऊर्जा और सकारात्मकता से भर दिया। कार्यक्रम के मुख्य कलाकार के रूप में इंदौर से पधारे सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता एपी शर्मा ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। शर्मा अपने भजनों एवं सुगम संगीत की प्रस्तुतियों के लिए YouTube एवं Instagram पर भी लोकप्रिय हैं। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में शिव भजन सहित विभिन्न भावपूर्ण एवं लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.के. जोशी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। संगीत मन को सुकून प्रदान करने के साथ-साथ तनाव को दूर करने में औषधि की तरह प्रभावी भूमिका निभाता है। उन्होंने इस प्रकार के आयोजन को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, उत्साह एवं कार्यक्षमता के लिए उपयोगी बताया।

संगीत कार्यक्रम में चंद्रशेखर सिन्हा एवं जयंत कुमार बारले ने भी अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मनोरंजन किया जबकि बाल कलाकार पुलकित बारले ने पियानो पर अपनी शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में संगीत का विशेष रंग भर दिया। कामिनी जोशी एवं एपी शर्मा द्वारा मैं ना भूलूंगा गीत पर डुएट प्रस्तुत किया गया साथ ही साथ संगीत की प्राध्यापिका डॉ. शिल्पी सोनी ने अपनी मधुर आवाज में जगजीत सिंह की गजल प्रस्तुत की ।

कार्यक्रम के दौरान भक्ति संगीत, ग़ज़ल एवं वाद्य संगीत की विविध प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तनावमुक्त होकर संगीत की आनंदमयी अनुभूति करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का वातावरण सौहार्द, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा।

कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति की संयोजक डॉ. निधि गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संचालन  से कार्यक्रम को रोचक एवं गरिमामय बनाए रखा। अंत में करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल की संयोजक डॉ. रूपा सल्होत्रा द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया तथा सभी कलाकारों, अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। यह आयोजन महाविद्यालय परिवार के लिए मनोरंजन के साथ-साथ मानसिक सुकून, सकारात्मकता और आपसी सौहार्द का एक सुखद अवसर सिद्ध हुआ।