रायपुर

रायपुर प्रेस क्लब में 13 अक्टूबर को निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ देंगे परामर्श

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब एवं विश्व आयुर्वेद परिषद, छत्तीसगढ़ इकाई के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को मोतीबाग स्थित रायपुर प्रेस क्लब परिसर में विशाल निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श देंगे। साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपलब्ध औषधियों का लाभ भी लिया जा सकेगा।

रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने पत्रकारों, उनके परिवारजनों और आम नागरिकों से शिविर में शामिल होकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पत्रकार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन व्यस्त दिनचर्या और कार्य के दबाव के कारण कई बार अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श जरूरी है। उन्होंने पत्रकार साथियों से अपने परिवार के स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

शिविर में डॉ. अजय कुलश्रेष्ठ डायबिटीज, डॉ. पतंजलि दीवान आमवात एवं आर्थराइटिस, डॉ. सरोज आहूजा स्त्री रोग, डॉ. चन्द्रेश सिन्हा चर्म रोग तथा डॉ. सतीश चंद्रवंशी गुदा रोग से संबंधित समस्याओं पर परामर्श देंगे। इसी तरह डॉ. नरेन्द्र दत्त मिश्रा हृदय रोग, डॉ. ऋतुराज टांक पेट रोग, डॉ. कृष्ण दास मानिकपुरी लीवर रोग और डॉ. मनोहर लहेजा कैंसर संबंधी परामर्श के लिए उपलब्ध रहेंगे। शिविर का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से मार्गदर्शन उपलब्ध कराना तथा आयुर्वेद चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े ने भी पत्रकारों और नागरिकों से शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है। विश्व आयुर्वेद परिषद, छत्तीसगढ़ इकाई के प्रांताध्यक्ष डॉ. मनोहर लहेजा ने नागरिकों से शिविर में पहुंचकर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लेने का आग्रह किया है।