रायपुर

पक्की छत से संवर रही जिंदगी, प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हो रहे हजारों परिवारों के सपने

 रायपुर : सिर पर पक्की छत, परिवार के लिए सुरक्षित आशियाना और बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना हर व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी आकांक्षाओं में से एक होता है। विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण अंचलों में रहने वाले परिवारों के लिए अपना पक्का मकान केवल चारदीवारी और छत का निर्माण नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान, आत्मविश्वास और खुशहाल जीवन की नई शुरुआत है। कभी कच्ची दीवारों और खपरैल की छतों के सहारे जीवन गुजारने वाले हजारों परिवारों का यह सपना अब शासन की जनकल्याणकारी आवास योजनाओं के माध्यम से साकार हो रहा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण और  पीएम जनमन  योजना जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने की परिकल्पना और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता से जिले में आवास निर्माण कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। शासन की इन योजनाओं ने उन परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है, जिनके लिए आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपना पक्का मकान बनाना एक अधूरा सपना बना हुआ था। जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से अब ग्रामीण अंचलों में पक्के मकानों की संख्या लगातार बढ़ रही है और हजारों परिवार सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन से आवास निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। योजना के अंतर्गत विभिन्न वित्तीय वर्षों में कुल 56 हजार 455 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से अब तक 47 हजार 19 आवासों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों में आवासहीन और कच्चे मकानों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को पक्का आशियाना उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2016-18 में स्वीकृत 10 हजार 797 आवासों में से 10 हजार 650 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2019-23 के दौरान स्वीकृत 16 हजार 811 आवासों में से 15 हजार 234 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। इन दोनों अवधियों में कुल 25 हजार 884 आवास पूर्ण किए गए हैं। यह प्रगति दर्शाती है कि जिले में पात्र परिवारों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है।