महादेव सट्टा ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को झटका, 19 नवंबर तक भेजा गया जेल
रायपुर से महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी खबर सामने आई है। मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की सीबीआई रिमांड खत्म होने के बाद रायपुर की विशेष अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय यानी ED को भी कोर्ट से झटका लगा है।
दरअसल, 8 दिन की सीबीआई कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद सौरभ चंद्राकर को आज फिर रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। इस दौरान सीबीआई ने दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की, बल्कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की।
अदालत ने सीबीआई की मांग स्वीकार करते हुए सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया है। यानी अब आगामी 19 नवंबर तक सौरभ को जेल में रहना होगा।
वहीं, ED की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट को एक्जीक्यूट कराने के लिए दिए गए आवेदन को भी कोर्ट ने खारिज कर दिया है। महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की न्यायिक हिरासत के बाद अब जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।