रायपुर

भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुँचाना हमारी सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा सहित हमारे महान जनजातीय जननायकों ने जिस स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आज रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह बात कही।

मुख्यमंत्री  साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तथा तीर-धनुष एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय सहित मंचस्थ अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर दिए गए वर्चुअल संबोधन का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को नई दिशा मिली है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, कला और संस्कृति के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित विभूतियों श्रीमती बुधरी ताती, श्री जागेश्वर यादव एवं श्री पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय नृत्य पर आधारित प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रदर्शित जनजातीय कला, संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने जनजातीय समाज के पारंपरिक प्रमुखों का सम्मान करने के साथ ही मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण किया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान की महान गाथा है। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए महान संघर्ष का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश के महान जनजातीय नायकों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 में जशपुर तथा वर्ष 2025 में सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया था। सरगुजा में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति रही थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष धरमजयगढ़ में तीसरा भव्य आयोजन किया गया है।