कार-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत, 5 घायल
रायपुर। प्रदेश के जशपुर जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कुनकुरी-तपकरा मार्ग पर केरसई के पास कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी निवासी विजय लकड़ा और जीवन कुजूर बाइक से राजमिस्त्री का काम करने जा रहे थे। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही टोयोटा अर्बन क्रूजर कार से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार विजय लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीवन कुजूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं बाइक से टकराने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान का प्लेटफॉर्म तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई और उस पर लटक गई। कार में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे, जो छठ पर्व मनाने के लिए रायगढ़ से बिहार के बोधगया जा रहे थे। हादसे में सभी पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में 76 वर्षीय रामेश्वर सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं प्रवीण सिंह समेत अन्य घायलों का इलाज जारी है। घटना ऊपरकछार पुलिस चौकी क्षेत्र की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।