रायपुर

रविवि में क्रोनोबायोलॉजी पर राष्ट्रीय संगोष्ठी 26 से 28 नवंबर तक

रायपुऱ। स्वस्थ और खुशहाल जीवन का रहस्य केवल इस बात में नहीं है कि हम क्या करते हैं, बल्कि इस बात में भी है कि हम उसे किस समय करते हैं। आखिर हमारी आधुनिक जीवनशैली हमारे स्वास्थ्य को किस प्रकार प्रभावित कर रही है? हमारे सोने, भोजन करने और दैनिक गतिविधियों का समय बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी हो सकता है। हमारे शरीर में समय को नियंत्रित करने वाला एक प्राकृतिक तंत्र होता है, जिसे ‘जैविक घड़ी’ (बायोलॉजिकल क्लॉक) कहा जाता है। यह जैविक घड़ी हमारे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को किस प्रकार प्रभावित करती है? ऐसे ही रोचक वैज्ञानिक प्रश्नों पर देशभर के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं शोधकर्ता विचार-विमर्श करेंगे और जैविक घड़ी से जुड़े रहस्यों को समझने का प्रयास करेंगे।

पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के जैविकी अध्ययनशाला (स्कूल ऑफ स्टडीज इन लाइफ साइंस) द्वारा 26 से 28 नवंबर, 2026 तक ‘क्रोनोबायोलॉजी: इंटीग्रेटिंग मल्टीडिसिप्लिनरी पर्सपेक्टिव्स एंड एप्लीकेशंस’ विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इस संगोष्ठी में क्रोनोबायोलॉजी के क्षेत्र में उभरते बहुविषयक दृष्टिकोणों एवं उनके विभिन्न अनुप्रयोगों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

जैविक घड़ी एवं जैविक लय के अध्ययन को वैश्विक स्तर पर विशेष महत्व वर्ष 2017 में प्राप्त हुआ, जब वैज्ञानिक जेफ्री सी. हॉल, माइकल रोसबाश एवं माइकल डब्ल्यू. यंग को सर्केडियन रिदम को नियंत्रित करने वाले आणविक तंत्र की खोज के लिए ‘नोबेल प्राइज़ इन फिजियोलॉजी ऑर मेडिसिन’से सम्मानित किया गया।

पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की जीव विज्ञान अध्ययनशाला का क्रोनोबायोलॉजी के क्षेत्र में अनुसंधान एवं शिक्षा को बढ़ावा देने का गौरवशाली इतिहास रहा है। विभाग को डीएसटी-फिस्ट (DST-FIST) एवं यूजीसी-सैप डीआरएस (UGC-SAP DRS) कार्यक्रमों के अंतर्गत मान्यता प्राप्त है तथा क्रोनोबायोलॉजी विभाग के प्रमुख अनुसंधान क्षेत्रों में से एक है।

इस राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल के संरक्षण में किया जा रहा है। जीव विज्ञान अध्ययनशाला की विभागाध्यक्ष प्रो. आरती परगनिहा संगोष्ठी की संयोजक, प्रो. अमिया एक्का सह-संयोजक तथा डॉ. लब्य प्रभास एवं डॉ. शिवेंद्र सिंह देवहरे आयोजन सचिव हैं।

इस संगोष्ठी में क्रोनोबायोलॉजी के राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों सहित स्वास्थ्य विज्ञान के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, चिकित्सा विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, शोधकर्ता एवं युवा शोधार्थी शामिल होंगे। देश के प्रमुख संस्थानों डीआरडीओ, सीएसआईआर, डीबीटी, एम्स नई दिल्ली, एम्स रायपुर, आईआईटी हैदराबाद, जेएनसीएएसआर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, हैदराबाद विश्वविद्यालय, सी एफ टी आर ई मैसूरु, राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय इम्फाल, जामिया मिल्लिया इस्लामिया सहित अनेक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं अनुसंधान संस्थानों के विशेषज्ञ संगोष्ठी में भाग लेंगे।

संगोष्ठी के विभिन्न वैज्ञानिक सत्रों में जैविक घड़ी, नींद एवं संज्ञानात्मक क्षमताओं, पौधों एवं प्राणियों में जैविक लय, जीवनशैली से संबंधित विकारों, शिफ्ट वर्क, जेट लैग, खेल प्रदर्शन तथा क्रोनोमेडिसिन के क्षेत्र में हुए नवीनतम अनुसंधानों एवं वैज्ञानिक प्रगति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।

संगोष्ठी में मुख्य व्याख्यान, विशेष वैज्ञानिक व्याख्यान, आमंत्रित व्याख्यान, मौखिक एवं पोस्टर प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों से संवाद करने, नवीन शोध विचारों का आदान-प्रदान करने तथा विभिन्न विज्ञान विषयों के बीच अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा।

इस राष्ट्रीय संगोष्ठी के माध्यम से पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय क्रोनोबायोलॉजी के क्षेत्र में अनुसंधान को आगे बढ़ाने, वैज्ञानिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने तथा युवा प्रतिभाओं को नवीन शोध विचारों के लिए प्रेरित करने की अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। यह तीन दिवसीय वैज्ञानिक आयोजन विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के बीच संवाद को सुदृढ़ करने के साथ-साथ भविष्य में नए अनुसंधान एवं वैज्ञानिक सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा।