रायपुर

भारतीय संविधान देश की महत्वपूर्ण ताकत है- डॉ विनोद जोशी

रायपुर। डॉ राधाबाई शासकीय नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान परिषद् द्वारा संविधान दिवस मनाया गया। डॉ भीमराव अम्बेडकर को दीपांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ विनोद कुमार जोशी ने संविधान के प्रस्तावना का वाचन कराया तथा अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश की महत्वपूर्ण ताकत है।

उन्होंने कहा कि देश संविधान से चल रहा है और विकसित भारत के निर्माण में अग्रसर है। महिलाओं के सशक्तिकरण में संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कार्यक्रम संयोजक एवं राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ मनीषा शर्मा ने बताया कि उद्देशिका भारतीय संविधान की आत्मा है। "हम भारत के लोग" शब्द दर्शाते हैं कि संविधान की समस्त शक्ति और प्राधिकार भारत की जनता से प्राप्त होते हैं। राज्य का लक्ष्य आर्थिक असमानता घटाना और संसाधनों व कल्याण का लाभ समाज तक पहुचाना है। सामाजिक,आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करना।

वरिष्ठ प्राध्यापक एवं गणित विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ रुपा सल्होत्रा ने कहा कि देश के सभी नागरिक संविधान का सम्मान करते हुए अपने अधिकारों का पालन करें।एम ए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा नीति देवांगन ने संविधान दिवस पर अपने विचार व्यक्त किया। एमए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा यूनिता साहू ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया।विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ समीझा चंद्राकर ने सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ भूपेन्द्र कुमार साहू द्वारा किया गया।छात्राओं द्वारा संविधान से संबंधित रंगोली बनाई गई थी।इस अवसर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ प्राध्यापक,सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता,ग्रंथपाल, कार्यालयीन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।