रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस द्वारा ‘द मिस्ट्री अफेयर’ का शानदार आयोजन
रायपुर। रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस द्वारा क्लब की महिला सदस्यों के लिए मनोरंजक कार्यक्रम ‘द मिस्ट्री अफेयर’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न रोचक खेलों एवं गतिविधियों का भरपूर आनंद उठाया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के बीच आपसी मेलजोल, मनोरंजन और सौहार्दपूर्ण फेलोशिप को बढ़ावा देना था। पूरे कार्यक्रम के दौरान हंसी-मजाक, उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बेस्ट ड्रेस्ड और मोस्ट एनर्जेटिक प्रतिभागियों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन प्रियंका गुप्ता ने कहा कि क्लब के ऐसे आयोजन सदस्यों को एक-दूसरे के करीब लाने और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का अवसर देते हैं।
सचिव रोटेरियन डॉ. स्वाति अग्रवाल ने कहा कि रोटरी केवल समाजसेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि आपसी मित्रता, एकजुटता और फेलोशिप भी इसकी महत्वपूर्ण पहचान है। ऐसे आयोजन सभी सदस्यों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं। कार्यक्रम की चेयरपर्सन रोटेरियन शिखा बैद ने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने का उद्देश्य सभी सदस्यों को एक यादगार और मनोरंजक अनुभव देना था। सभी महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को बेहद खास बना दिया। कार्यक्रम का समापन हंसी, खुशियों और खूबसूरत यादों के साथ हुआ।