रायपुर

अधिकारियों, कोषालय अधिकारियों एवं आहरण-संवितरण अधिकारियों की राज्य स्तरीय कार्यशाला

रायपुर। भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक के ऑडिट पखवाड़ा 2026 (17 नवंबर – 01 दिसंबर) के अंतर्गत आज कार्यालय प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), छत्तीसगढ़ द्वारा सामुदायिक भवन, महालेखाकार आवासीय परिसर, रायपुर में राज्य शासन के बजट नियंत्रण अधिकारियों, कोषालय अधिकारियों एवं आहरण-संवितरण अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती शीतल शाश्वत वर्मा, विशेष सचिव, वित्त विभाग, छत्तीसगढ़ शासन रहीं। इस अवसर पर डॉ. अल्पना घोष, अपर संचालक, कोष, लेखा एवं पेंशन भी उपस्थित रहीं। प्रदेश के विभिन्न विभागों से आए लगभग 300 अधिकारियों ने कार्यशाला में भाग लिया।

स्वागत एवं उद्घाटन संबोधन में प्रधान महालेखाकार श्री यशवंत कुमार ने संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान की प्रस्तावना के पहले शब्द "हम, भारत के लोग" यह स्मरण कराते हैं कि शासन का धन जनता का धन है, और लेखा वह माध्यम है जिससे शासन जनता को उसके उपयोग का विवरण देता है। उन्होंने शासन के एक रुपये की यात्रा — बजट से भुगतान, लेखा, लेखापरीक्षा और विधानसभा तक — को एक चक्र बताते हुए कहा कि इस चक्र की हर कड़ी एक-दूसरे पर निर्भर है। उन्होंने बताया कि मासिक सिविल लेखा अब अगले माह की 10 तारीख तक बंद हो रहा है, सभी कोषालय ई-लेखा पर हैं और 01 अप्रैल 2026 से ई-चालान व्यवस्था लागू है। साथ ही उन्होंने GPF अंतिम भुगतान प्रकरणों के विलंब तथा व्यय के त्रुटिपूर्ण वर्गीकरण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती शीतल शाश्वत वर्मा ने कहा कि वित्त विभाग बजट लिखता है, पर उसकी वास्तविक कहानी लेखे लिखते हैं, और लेखापरीक्षा द्वारा प्रमाणित लेखा वित्त विभाग की आँख है। उन्होंने SNA-स्पर्श, ई-चालान, ई-कोष, GPF पोर्टल, IFMS नेक्स्ट जेन 2.0 तथा उद्देश्य शीर्षों के पुनरीक्षण जैसे सुधारों का उल्लेख करते हुए आहरण-संवितरण अधिकारियों को "शासन के धन का पहला संरक्षक" बताया। उन्होंने उचित शीर्ष में व्यय, हर माह मिलान, अव्ययित राशि की समय पर वापसी, उपयोगिता प्रमाण-पत्रों की समय पर प्रस्तुति, तथा सेवानिवृत्ति से कम से कम तीन माह पूर्व GPF प्रकरण भेजने की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम में ऑडिट दिवस एवं ऑडिट पखवाड़ा 2026 पर आधारित एक वीडियो प्रस्तुत किया गया, जिसमें भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग की 166 वर्ष की यात्रा तथा कार्यालय की डिजिटल पहलों को दर्शाया गया। तकनीकी सत्र में श्री विकास कुमार महतो एवं श्री विनोद कुमार लाल ने प्रस्तुतीकरण दिए, जिनमें बजट, देयकों की जाँच, लेखों का मिलान, उपयोगिता प्रमाण-पत्र, सामान्य भविष्य निधि के अंतिम भुगतान एवं ऋणात्मक शेष, तथा नई प्रणालियों से जुड़े व्यावहारिक विषयों पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने अपनी कठिनाइयाँ और सुझाव भी खुलकर रखे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उपमहालेखाकार प्रियाती कौड़ो सहित कार्यालय के सभी वरिष्ठ लेखा अधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में वरिष्ठ उपमहालेखाकार श्री एम.एस. डहरिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग के सहयोग से ही वर्ष 2025-26 के वित्त लेखे एवं विनियोग लेखे समय-सीमा में तैयार हो सके, और लेखा तथा वित्त का यह साझा प्रयास आगे भी जारी रहेगा।