छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव और साहित्यिक वैभव का साक्षी बनेगा राजभाषा दिवस
रायपुर : छत्तीसगढ़ की अस्मिता, लोक संस्कृति, परंपराओं और जनभावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव को समर्पित छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन 28 नवंबर को राजधानी रायपुर में किया जाएगा। संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ प्रातः 10 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य एवं पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में होगा। समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यिक सृजन को प्रोत्साहित करने वाली विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
समारोह में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव एवं रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं। विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन तथा संस्कृति एवं राजभाषा संचालक डॉ. संजय कन्नौजे विशिष्ट अतिथि होंगे। समारोह के उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार स्वागत उद्बोधन देंगी तथा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा अध्यक्षीय उद्बोधन देंगे।
छत्तीसगढ़ी भाषा प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा होने के साथ ही यहां के जनजीवन, लोक साहित्य, लोकगीतों, लोककथाओं और सामाजिक परंपराओं की संवाहक है। राजभाषा दिवस का आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति जनमानस में गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने, साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने तथा नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।