भूपेश कैबिनेट की बैठक शुरु... प्रदेश के पहले डिप्टी सीएम सिंहदेव का सीएम बघेल ने किया स्वागत... बड़े फैसले के आसार
2023-07-06 12:15 PM
382
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक शुरु हो चुकी है। बैठक में शामिल होने के लिए सभी प्रमुख मंत्री और अधिकारी मुख्यमंत्री निवास कार्यालय पहुंच चुके हैं। आज की यह बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, तो कुछ बड़े फैसले के भी आसार नजर आ रहे हैं, जिससे प्रदेश की दशा और दिशा में बदलाव की संभावना है।
आज बैठक शुरु होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के पहले डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया। इससे पहले राज्य में अब तक डिप्टी सीएम की परिपाटी देखने में नहीं आई थी। जबकि पहली सरकार कांग्रेस की बैठी थी, उसके बाद तीन बार भाजपा की सरकार बनी और अब एक बार फिर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार अपना कार्यकाल पूरा करने जा रही है।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कैबिनेट की इस बैठक को कई मायनों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बता दें कि भूपेश सरकार के कार्यकाल का यह पांचवा साल है और इसके बाद चुनावी रणभेरी बजने की तैयारी है। वहीं मानसून सत्र के बाद वर्तमान सरकार के पास अन्य विधानसभा सत्र के लिए समय शेष नहीं रह जाएगा। लिहाजा इस बैठक में कुछ बड़े और ठोस निर्णय लिए जाने की प्रबल संभावना है।
जिन बड़े फैसलों की तरफ बार—बार इशारा हो रहा है, उसमें प्रदेश के संविदा और अनियमित कर्मचारियों के हित में फैसला है। सालों से लंबित नियमितीकरण की मांग को पूरा करने का निर्णय लेकर सरकार उनके साथ ही अपने हित में भी यह फैसला ले सकती है।