राजधानी में भीगे मौसम के बीच लगे... मैं हूं नरेन्द्र मोदी के नारे... बड़ी संख्या में शामिल होने प्रदेशभर से जुटे लोग
2023-07-07 12:47 PM
292
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का मौसम आज भीगा—भीगा सा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राजधानी रायपुर पहुंचे हुए हैं। साइंस कॉलेज मैदान में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा जारी है। उनकी सभा में शामिल होने प्रदेशभर से लोग बड़ी संख्या में राजधानी पहुंच चुके हैं, और यह सिलसिला अभी भी जारी है।
प्रधानमंत्री मोदी आज प्रदेश को 7600 करोड़ की सौगात देने के लिए पहुंचे हैं, तो आसन्न विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनकी राजधानी में हो रही सभा काफी अहम है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की धमक के चलते चारों खाने चित हो चुकी भाजपा के लिए पीएम मोदी का यह प्रवास ऑक्सीजन का काम कर सकता है, ऐसी उम्मीद की जा रही है।
इधर राजधानी के भीगे मौसम में पीएम मोदी की जनसभा में शामिल होने के लिए प्रदेशभर से भाजपा कार्यकर्ता अपने समर्थकों के साथ रायपुर पहुंचे हुए हैं। हर किसी की अपनी भावनाएं हैं, जिसे लोग प्रदर्शित भी कर रहे हैं। ऐसी ही एक टीम सीएसईबी मुख्यालय के पास नजर आई, जिन्होंने पीएम मोदी का मुखौटा लगा रखा था और 'मैं हूं नरेन्द्र मोदी' के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
इस टोली के अलावा भी कई अलग—अलग टोलियां नजर आईं, जो हाथों में भाजपा के झंडे लिए सभा स्थल की ओर जाते हुए नजर आए, तो कोई टोली जय छत्तीसगढ़, जय जोहार मोदी के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए।