अपहरण की थी योजना... प्रार्थी की तत्परता से हुए असफल,,,,, अब पहुंचे सलाखों के पीछे
रायपुर। राजधानी की अभनपुर पुलिस ने अपहरण की असफल योजना बनाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम कोलर निवासी रूपल चंद्राकर के अपहरण और फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। आरोपी अपने मकसद में नाकामयाब रहे। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिसे से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोलर अभनपुर निवासी रूपल चंद्राकर ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। रूपल ने अपनी शिकायत में बताया कि वह विद्युत कंपनी में कार्यपालन अभियंता के पद पर कार्यरत है। 8 मई को रायपुर निवास से अपनी कार में ग्राम कोलर पहुंचा। सुबह करीब 4.30 बजे दैनिक कार्य के बाद अभनपुर पुराना धमतरी रोड से टहलकर घर वापस जा रहा था। इस दौरान सरगुंदिया तालाब के पास सुबह 5.10 बजे एक आई-20 कार आकर रूकी। उसमें से दो नकाबपोश उतरे और प्रार्थी को गाड़ी में बैठाने का प्रयास करने लगे। प्रार्थी हाथ छुड़ाकर अपने घर की ओर भागा। थोड़ी दूर जाकर देखा तो सभी वहां से भाग गए।
मामले की शिकायत आने पर पुलिस ने आसपास से सीसीटीवी फूटेज की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त आरोपी ग्राम सारखी निवासी मधुकर सिन्हा को पकड़कर पूछताछ की। मधुकर ने अपने साथ अजय उर्फ पिंटू नेताम एवं टेकराम धीवर के साथ मिलकर उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। जिस पर पुलिस ने अजय नेताम एवं टेकराम धीवर को भी गिरफ्तार किया।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि पैसों की आवश्यकता होने पर तीनों ने मिलकर रूपल चन्द्राकर के अपहरण की योजना बनाई थी। वह गांव का बड़ा किसान और बिजली कंपनी में बड़े पद पर कार्यरत है।