CG BREAKING : संविदा और शासकीय कर्मियों के लिए... सीएम बघेल ने की बड़ी घोषणा... पटवारियों को भी सौगात
2023-07-19 06:04 PM
851
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के आज दूसरे दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अनुपूरक बजट पेश किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के शासकीय सेवकों, संविदा पर कार्यरत कर्मियों, स्कूल शिक्षा विभाग के अतिथि शिक्षकों और पटवारियों के लिए भी घोषणाएं की हैं।
मानसून सत्र के आज दूसरे दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जहां अनुपूरक बजट पेश किया, तो वहीं उन्होंने 5 लाख शासकीय कर्मियों के महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत अतिरिक्त इजाफा किए जाने की घोषणा कर दी। इससे पहले मुख्यमंत्री बघेल ने कैबिनेट की बैठक में शासकीय कर्मियों के डीए में 5 फीसदी इजाफे का ऐलान किया था। हालांकि राज्य के कर्मचारी इससे खुश नहीं हुए थे, बल्कि सरकार के विरोध में उन्होंने सामूहिक अवकाश ले लिया था और 1 अगस्त से बेमियादी हड़ताल की घोषणा भी कर रखे हैं।
इधर आज सदन में सीएम बघेल ने अनुपूरक बजट पेश किए जाने के साथ ही संविदा पर कार्यरत 37 हजार कर्मचारियों के वेतन में 27 प्रतिशत वृद्धि किए जाने की घोषणा की है। बता दें कि प्रदेशभर के संविदा कर्मचारी नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं और आज से उन्होंने आमरण अनशन प्रारंभ किया है।
इसके अलावा सीएम बघेल ने स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को प्रति माह 2 हज़ार रुपये अतिरिक्त मानदेय दिए जाने की घोषणा। तो पटवारियों को भी प्रतिमाह 500 रुपये संसाधन भत्ता दिए जाने की घोषणा की है।