रायपुर

सूने मकान में चोरी करने वाले दो अंतराज्यीय चोर को पुलिस ने दबोचा

रायपुर। राजधानी की आमानाका पुलिस ने टाटीबंध स्थित हर्षित रत्न अग्रसेन भवन में प्रार्थी के सूने मकान में चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार कर लिया है। चोरों ने प्रार्थी के घर से लाखों रूपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम की चोरी की थी। सभी आरोपी मूलतः पश्चिम बंगाल के निवासी है। प्रकरण में संलिप्त आरोपी शेख अल्ताफ फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हर्षित रत्न अग्रसेन भवन टाटीबंध निवासी आलोक पटेल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह भारत सरकार के उपक्रम में मुम्बई में रहकर कार्य करता है। 6 मई 23 को रायपुर आया था, कुछ दिन रहने के उपरांत परिवार के साथ घर में ताला लगाकर 19 मई  को मुम्बई चला गया था। 21 जून को प्रार्थी को उसके पड़ोसी से जानकारी हुई की उसके घर का ताला टूटा हुआ है तथा प्रार्थी के घर की बाई ने बताया की घर में चोरी हुआ है।

सूचना पर प्रार्थी घर पहुंचा तो देखा कि घर के दरवाजों का ताला टूटा हुआ था अंदर जाकर कमरों को चेक किया तो सामान फैला हुआ था, अलमारियों का ताला टूटा हुआ था तथा उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम नहीं था। कोई अज्ञात चोर प्रार्थी के सुने मकान का ताला तोडकर घर अंदर प्रवेश कर आलमारियों का ताला तोड़कर उसमें रखे मशरूका को चोरी कर फरार हो गया था।

मामले को लेकर पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद पुलिस को घटना में संलिप्त अज्ञात आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपी की उपस्थिति पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना में पाया गया। जिस पर पुलिस ने साउथ 24 परगना पहुंच कर लगातार कैम्प कर आरोपी की पतासाजी की और प्रकरण में संलिप्त आरोपी खुर्शीद खान को पकड़ा। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी खुर्शीद खान से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने अन्य साथी शेख अल्ताफ एवं रबिउल काजी उर्फ नैकरों के साथ मिलकर चोरी की उक्त घटना को अंजाम देने के साथ ही चोरी करने के पूर्व रेकी करना एवं आरोपी रबिउल काजी उर्फ नैकरों को उड़ीसा में होना बताया गया।