रायपुर

टमाटर की कीमतों में आएगी गिरावट... थोक व्यापारियों ने दिए संकेत... बताया कब ​से मिलेगी राहत

रायपुर। राजधानी रायपुर की 20 लाख आबादी में शायद ही कोई ऐसा परिवार होगा, या ऐसा कोई शख्स होगा, जिसे 'टमाटर' के होने या नहीं होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। पर हकीकत यह है कि इन दिनों बाजार में 'टमाटर' की कीमतें हर किसी को परेशान कर रही है। बाजार में 120 से 160 रुपए किलो तक टमाटर बिक रहा है, जरूरतमंद लोग किलो भर टमाटर के भाव में पावभर ले जाने के लिए मजबूर हैं। 

माहभर पहले तक प्रदेश के हर हिस्से में टमाटर अधिकतम 40 रुपए किलो में मिल जा रहा था, लेकिन अचानक चढ़े भाव ने लोगों का जायका ही बिगाड़ दिया है। घर में फिर भी लोग जरुरत के मुताबिक एक पाव या आधा किलो लेकर काम चला रहे हैं, लेकिन फूड कारोबार से जुड़े व्यापारियों की हलक सूख गई है। खासतौर पर छोटे कारोबारी का व्यापार 'टमाटर' की वजह से काफी ज्यादा प्रभावित हो रहा है। 

इस बीच थोक सब्जी बाजार से राहत के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल 160 रुपए प्रतिकिलो तक चढ़े टमाटर के भाव में कमी के आसार नहीं हैं, लेकिन जुलाई के बाद अगस्त में आवक सुधरने की उम्मीद की जा रही है, जिसके बाद कीमतों में बड़ी गिरावट के आसार हैं। बताया जा रहा है कि हरी सब्जियों की आवक सुधर रही है, इस वजह से दूसरी सब्जियों की कीमतें गिरने लगी हैं। इसी तरह अगस्त से टमाटर की आवक भी बढ़ जाएगी और कीमतें 50 फीसदी तक नीचे आने की उम्मीद है।