BIG NEWS : वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा का बड़ा ऐलान... नहीं लड़ेंगे 2023 का विधानसभा चुनाव
2023-08-21 12:59 PM
511
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ और दिग्गज नेता सत्यनारायण शर्मा ने विधानसभा चुनाव 2023 नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया है। उनके इस बयान ने ना केवल कांग्रेसजनों को बल्कि हर किसी को चौंका दिया है। अविभाजित मध्यप्रदेश सरकार के बाद छत्तीसगढ़ में जोगी सरकार के दौरान मंत्री पद का दायित्व संभाल चुके सत्यनारायण शर्मा 7 बार के विधायक हैं। साल 2018 के चुनाव में उन्होंने रायपुर ग्रामीण से जीत हासिल की थी।
अब साल 2023 की रणभेरी बजने से ठीक पहले सत्यनारायण शर्मा ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लेते हुए हर किसी को चौंका दिया है। हालांकि उनकी जगह उनके बेटे पंकज शर्मा ने अपनी तैयारी शुरु कर दी है। पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए पंकज शर्मा लगातार रायपुर ग्रामीण विधानसभा में जनसंपर्क बनाए हुए हैं।
विगत डेढ़ दशक से विधायक सत्यनारायण शर्मा अपने बेटे पंकज शर्मा को हर समय अपने साथ रखकर चल रहे हैं। पंकज शर्मा इस समय जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष के तौर पर दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं और कांग्रेस की सभी गतिविधियों में पिता के साथ नजर आते हैं। लिहाजा रायपुर ग्रामीण के लिए उनकी दावेदारी प्रबल मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक आज पंकज शर्मा अपना आवेदन ब्लॉक अध्यक्ष को सौपेंगे।