चुनाव आयोग की दो टूक... चुनाव ड्यूटी केवल नियमित कर्मचारी करेंगे... तीन साल से जमे अधिकारी—कर्मचारी को हटाने का भी फरमान
2023-08-28 07:26 PM
409
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग की सख्ती बढ़ती जा रही है। अधिसूचना जारी होने से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का रायपुर दौरा हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि निर्वाचन कार्य में ड्यूटी केवल नियमित सरकारी कर्मचारियों की ही लगाई जाएगी। इसमें किसी भी तरह से या किसी भी वजह से संविदा कर्मियों की सेवाएं नहीं ली जा सकती।
वहीं चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले चुनाव आयोग ने प्रदेशभर में तीन या उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नई जगह स्थानांतरित किए जाने का भी फरमान जारी कर दिया है।
हालांकि यह चुनाव आयोग की नियमावली में है, जिसकी जानकारी आमतौर पर सरकार को होती ही है। लिहाजा चुनाव की नजदीकियों को देखते हुए अदला—बदली का काम पहले ही शुरु कर दिया जाता है। छत्तीसगढ़ में भी लगातार स्थानांतरण आदेश जारी किए जा रहे हैं। ऐसे में वर्तमान सरकार के लिए यह बड़ा मसौदा नहीं है। प्रदेश के अफसरों ने चुनाव आयोग को इस बात से अवगत भी कराया है कि काफी हद तक ऐसे अफसरों का तबादला किया जा चुका है। बाकी जो बच गए हैं उनका भी शीघ्र ही आदेश जारी किया जाएगा।