रायपुर

रायपुर के फेमस डॉक्टर के घर पर... ईडी की आधी रात दबिश... ऑनलाइन सट्टा और मनी लांड्रिंग से तार जुड़े होने का अंदेशा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीती देर रात ईडी ने शहर के प्रख्यात डॉक्टर एआर दल्ला के ठिकाने पर दबिश दी है। अब तक शराब कारोबारियों, कोल माफियाओं और संबंधित अफसरों पर ईडी निशाना साध चुकी है। पहली बार है कि जब डॉक्टरी पेशे से जुड़े शख्स के ठिकाने पर ईडी ने दबिश दी है। 

सामने आई जानकारी के मुताबिक ईडी को ऑनलाइन सट्टा, महादेव एप व मनी लांड्रिंग में डॉ. दल्ला के खिलाफ साक्ष्य मिले हैं, जिसके आधार पर बीती आधी रात उनके ठिकाने पर दबिश दी गई है, जहां लगातार जांच जारी है। इस मामले में ईडी ने आधिकारिक तौर पर किसी तरह की जानकारी अभी नहीं दी है, लेकिन डॉक्टर के घर और नर्सिंग होम पर सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती और उनसे लिए गए टोह के आधार पर यह जानकारी सामने आई है। 

बता दें कि रायपुर के प्रतिष्ठित डॉक्‍टर एआर दल्‍ला का देवेंद्र नगर में जुबेस्‍ता अस्‍पताल के नाम पर नर्सिंग होम है, इसके अलावा उनके घर पर छापा मार कार्यवाही की है। घर और अस्‍पताल के बाहर सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम बीती रात करीब 10 डॉ. दल्‍ला के यहां पहुंची थी। अभी यह स्‍पष्‍ट नहीं हो पाया है कि ईडी ने किस मामले में डॉ. दल्‍ला के यहां छापा मारा है। बताते चले कि डॉ. दल्‍ला एक समय राज्‍य सरकार के सिकलसेल रिसर्च संस्‍था से जुड़े हुए थे। वहीं, कुछ लोग मामला ऑनलाइन गेमिंग एप महादेव से डॉ. दल्‍ला के दामाद के जुड़े होने और मनी लॉडिंग का बता रहे हैं।