रायपुर में नाबालिग सहित दो युवतियों से गैंगरेप... आक्रोशित महिलाओं ने आरोपियों को फांसी देने की रखी मांग
2023-09-04 03:27 PM
354
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस और सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े दावे करती है, लेकिन ऐन रक्षाबंधन के दिन राजधानी से सटे मंदिरहसौद इलाके में एक साथ दो सगी बहनों को एक साथ 8 दरिंदे अपनी हवस का शिकार बना लेते हैं। उसमें भी एक पीड़िता नाबालिग है, तो दूसरी महज 19 साल की युवती है।
जिन दरिंदों ने इन सगी बहनों को अपनी हवस का शिकार बनाया है, उनमें एक भाजपा नेता का बेटा है, तो एक एएसआई की औलाद है। इनके साथ बाकि लोग जो शामिल हैं, अपराधिक पृष्ठभूमि के ही नजर आते हैं। भाजपा नेता के जिस बेटे की बात की जा रही है, वह चंद दिनों पहले ही जमानत पर रिहा हुआ था और जेल जाने के पीछे वजह भी दुष्कर्म ही था।
सीधी सी बात यह है कि वह आदतन हवस का पुजारी है। उसके साथ जो बाकि लोग शामिल थे, भले ही पुलिस ने सभी को गिरफ्तार करने में देरी नहीं की और सलाखों के पीछे पहुंचा दिया, लेकिन जिन युवतियों ने दरिंदगी झेली है, वह अब भी सदमे से नहीं उबर पा रही हैं।
रायपुर में इस सामुहिक दुष्कर्म को लेकर महिला समाज में जमकर आक्रोश भड़का हुआ है। सर्व समाज की महिलाओं ने उन दरिंदों के लिए फांसी की मांग करते हुए सरकार और अदालत से गुहार लगाई है। इन महिलाओं ने सभी दरिंदों का पुतला बनाकर उसे रायपुर के अंबेडकर चौक पर फांसी के तख्ते पर लटकाते हुए प्रदर्शन किया।