मुख्य अभियंता विनय दुबे को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई
2023-09-30 11:28 AM
648
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी में मुख्य अभियन्ता (मानव संसाधन) विनय दुबे को सेवानिवृत्ति पश्चात् भावभीनी विदाई दी गई। पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी की प्रबंध निदेशक उज्जवला बघेल एवं पॉवर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके.कटियार ने उन्हें सेवानिवृत्ति के लिए शुभकामनाएं दी एवं पाॅवर कंपनी की ओर से प्रतीकात्मक भेंट, प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
पॉवर कंपनी के डंगनिया स्थित सेवाभवन में आयोजित समारोह में मुख्य अभियंता विनय दुबे को सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने बधाई दी। एमडी कटियार ने कहा कि सेवा यात्रा के दौरान मिली जिम्मेदारियों का दुबे ने बखूबी निर्वहन किया। कंपनी हित में उन्हें जो लक्ष्य दिये गए उसे अपनी बेहतर कार्यशैली से हासिल किया और अच्छी कार्यसंस्कृति विकसित की।
इस अवसर पर दुबे ने भी अपने अनुभव साझा किये। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय टीमवर्क को दिया तथा सेवायात्रा के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों से मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशकगण एमएस कंवर, सी.एल.नेताम, संदीप मोदी, एमआर.बागड़े उपस्थित थे।
इसी प्रकार एक अन्य कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता अनिल कुमार श्रीवास्तव को प्रबंध निदेशक(जनरेशन) कार्यालय में एवं अति.मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से स्टाफ नर्स नीलमणि पंचारी को भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (जनसंपर्क) गोविन्द पटेल व सहायक प्रकाशन अधिकारी अनामिका मंडावी ने किया।