राजधानी के भनपुरी में 33/11 केव्ही उपकेन्द्र का भूमिपूजन... उपमुख्यमंत्री सिंहदेव बोले-विकास की गति बनाए रखने ऊर्जा की उपलब्धता जरूरी
रायपुर। विकास की गति बनाए रखने के लिए ऊर्जा की निर्बाध उपलब्धता आवश्यक है। राज्य का सौभाग्य है कि हम स्वयं भी रोशन हो रहे हैं और दूसरों तक उजाला पहुंचा रहे हैं। उक्त बातें छत्तीसगढ़ के उपमुख्य़मंत्री टीएस सिंहदेव ने राजधानी के भनपुरी क्षेत्र में 33/11 केव्ही उपकेन्द्र के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करके हुए कहीं। उन्होंने क्षेत्र की जनता के प्रति सजग रहने के लिए क्षेत्रीय विधायक सत्यनारायण शर्मा की प्रशंसा करते हुए इस उपकेन्द्र की स्थापना को एक उल्लेखनीय कार्य बताया। इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने उपकेन्द्र निर्माण के लिए भूमिपूजन किया।
सिंहदेव ने आगे कहा कि ऊर्जा विभाग के भारसाधक मंत्री के तौर पर जो अवसर मिला है उसमें वे ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति को प्राथमिकता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में जिस भी क्षेत्र में विकास हो रहा है उसमें बिजली की भूमिका प्रमुख है।
कार्यक्रम को विधायक सत्यनारायण शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों की उपकेन्द्र की मांग थी पर स्थान की अनुपलब्धता के कारण संभव नहीं हो रहा था। पेचिदगियों के समाधान के बाद इस स्थान की उपलब्धता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए शर्मा ने बताया कि इस उपकेन्द्र के बन जाने से क्षेत्र के 15 हजार से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध तथा गुणवत्तापूर्ण बिजली की आपूर्ति हो सकेगी।
इससे पहले छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक मनोज खरे ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस कठिन परिस्थिति में इस स्थान को उपकेन्द्र के लिए उपलब्ध कराया गया है इसके बाद अब पॉवर कंपनी की जिम्मेदारी है कि इसे जल्द से जल्द पूरा कर आमजन को लाभ पहुंचाया जाए।