रायपुर

सेरीखेड़ी में भव्य रामलीला प्रतियोगिता आज से.... 17 से 24 अक्टूबर तक राममय होगी सेरीखेड़ी

रायपुर। अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में राजधानी से लगे ग्राम सेरीखेड़ी में भव्य रामलीला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिवसीय भव्य स्पर्धा में श्री रामलीला मंडली  ग्राम देवनगर देवरी (आरंग), सुरहोली, छतौद, टोर (सिलयारी), चितकोल की बीच होगी।

छत्तीसगढ ग्राम विकास एकता समिति के हुलास राम साहू ने बताया कि क्वांर नवरात्रि में प्रतिवर्ष 75 साल से ग्राम सेरीखेड़ी में रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। सेरीखेड़ी की रामलीला मानस मंडली 75 वर्ष पूर्ण कर इतिहास रच रही है।  प्रथम दिन 17 अक्तूबर को रामलीला मानस मंडली ग्राम सेरीखेड़ी द्वारा मुकुट पूजा कर रामलीला मंचन का आगाज करेगी। द्वितीय दिन 18अक्तूबर को श्री आदर्श रामलीला मंडली देवनगर देवरी (आरंग) के द्वारा मुनि आगमन और फुलवारी लीला का मंचन होगा।

तृतीय दिन 19अक्टूबर को रामलीला मानस मंडली सुरहोली बेमेतरा के द्वारा धनुष यज्ञ, परसू राम संवाद, और राम विवाह लीला का मंचन होगा। चतुर्थ दिन 20अक्तूबर को रामलीला मानस मंडली ग्राम छतौद के द्वारा केकई मंथरा संवाद और केवट प्रसंग लीला का मंचन होगा। पंचम दिन 21अक्तूबर को ग्राम टोर (सिलयारी) रामलीला मानस मंडली के द्वारा सूर्पनंखा, सीताहरण, सबरी आश्रम लीला का मंचस्थ होगा।

छटवां दिन 22अक्तूबर को ग्राम चितकोल के द्वारा बाली वध, लंकादहन, नारान्तक वध लीला का मंचन होगा। सातवां दिन 23 अक्तूबर को रामलीला मानस मंडली सेरीखेड़ी द्वारा सीताहरण, लक्ष्मण शक्ति, मेघनाथ वध का मंचन होगा। आठवां दिन 24 अक्तूबर को रामलीला मानस मंडली ग्राम सेरीखेड़ी के द्वारा रावण दहन (दशहरा) का आयोजन रावणभाठा में होगा।