रायपुर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने किया मतदान... सभी से की मतदान की अपील

रायपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज सुबह रायपुर के धरमपुरा पूर्व माध्यमिक शाला स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया। उन्होंने आम मतदाताओं की तरह लाइन में लगकर अपने परिवार सहित मतदान किया। उन्होंने यहां बनाए गए दोनों मतदान केंद्रों में चल रहे मतदान का अवलोकन भी किया। 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कंगाले ने मतदान केंद्र में मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने इस दौरान लोगों से अपने परिवार के सभी मतदाताओं सहित मतदान अवश्य करने की अपील की। उन्होंने लोकतंत्र के इस त्योहार में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी के लिए 'छोड़कर सारे काम सबसे पहले करें मतदान' का संदेश दिया।

वोटर टर्न आउट एप से ले मतदान की ताजा जानकारी

विधानसभा निर्वाचन 2023 के द्वितीय चरण में आम नागरिक मतदान की विधानसभावार जानकारी वोटर टर्न आउट मोबाइल एप का उपयोग कर देख  सकते हैं। वोटर टर्नआउट एप के माध्यम से छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन 2023 के द्वितीय चरण में राज्य, जिला एवं विधानसभावार वोटर टर्न ऑउट (मतदान प्रतिशत) की अद्यतन स्थिति जान सकते हैं।