स्काईवाक पर बोले मूणत.... जनता की सुविधा के लिए राजधानी में पूरा होगा निर्माण
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की अभूतपूर्व जीत के बाद रायपुर पश्चिम के विधायक और पूर्व मंत्री राजेश मूणत का बड़ा बयान सामने आया है। मूणत ने कहा कि शहर के विकास और जनता की सुविधा के लिए स्काईवाक का निर्माण पूरा किया जाएगा।
शहर के प्रमुख मार्ग पर बन रहे स्काई वाक का निर्माण कांग्रेस की भूपेश सरकार ने रुकवा दिया था। अब प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बन गई है और पूर्व मंत्री राजेश मूणत भी चुनाव जीतकर सत्ता में आ गए हैं। ऐसे में स्काई वाक का निर्माण पूरा किए जाने की बात कहकर मूणत ने इसे फिर से चर्चा में ला दिया है।
मूणत ने यह भी कहा कि अवैध कब्जों पर कार्रवाई नहीं करने वाले अफसरों पर गाज गिरेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि शराब और कोयला घोटाले के आरोपियों को जेल में सुविधा उपलब्ध कराने वाले अफसरों के खिलाफ भी की जाएगी कार्रवाई।
बतादें कि भाजपा के शासन काल में शहर के बीच स्काईवाक का निर्माण कराया जा रहा था। जिसे कांग्रेस सरकार ने रूकवा दिया था। इसके उपयोग को लेकर पूर्व विधायक सत्यनारायण शर्मा की अगुवाई में कमेटी भी बनाई गई थी। लेकिन इसका उपयोग सिद्ध नहीं हो पाया। न ही इसे तोड़ा गया। अब भाजपा सत्ता में आते ही मूणत अपने ड्रीम प्रोजेक्ट को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगे।