छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड... बढ़ी ठिठुरन... इतने डिग्री तक पहुंचा पारा
रायपुर। बीते कुछ दिनों से राजधानी सहित छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में इन दिनों उत्तर पश्चिम से लगातार ठंडी हवाएं चल रही है। जिसके कारण प्रदेश के जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन लगातार जारी है जिसके कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रहा है। अगले 24 घंटे में प्रदेश में ठंडी और शुष्क हवा के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहने तथा अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
चंद्रा ने कहा कि 22 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ भारत के उत्तर-पश्चिमी राज्यों को प्रभावित करने की संभावना है जिसके कारण हवा में नमी की मात्रा बढ़ने की संभावनाएं साथ ही हवा की दिशा में परिवर्तन होने की भी संभावना बनी हुई है इसके कारण न्यूनतम तापमान में 22 दिसंबर से वृद्धि होने की संभावना बन रही है। 23, 24 दिसंबर को हल्के बादल प्रदेश के कुछ जिलों में संभावित है।
तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बर्फीली हवाओं ने ठंड और ज्यादा बढ़ा दी है। वहीं ठंड बढ़ने से कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी कम हुई है। सर्दी से बचने के लिए लोग गर्म कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं।