तेलीबांधा चौक में दिनदहाड़े फायरिंग मामले में मास्टर माइंड सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा क्षेत्र में लाभांडी मोड के आगे एक व्यक्ति पर पिस्टल से फायर कर गोली चलाई गई। घटना में व्यक्ति घायल हुआ वहीं पुलिस ने मौके से ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी के कहने पर घायल युवक पर गोली चलाई। जिसके बाद पुलिस ने दो अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 दिसंबर को हुई इस घटना के बाद एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने घायल संदीप जैन सहित आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने मौके से आरोपी अमन शर्मा पिता गोपाल शर्मा उम्र 23 साल निवासी उज्जवलपुर तह. तागरपाली थाना लेफरीपारा जिला सुंदरगढ़ ओड़िसा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 नग पिस्टल, 1 नग देशी कट्टा एवं कारतूस जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपी अमन शर्मा से पूछताछ करने पर उसके द्वारा संतोष सिंह एवं सुनील केडिया के कहने से संदीप जैन पर गोली चलाना बताया गया, जिस पर दोनों आरोपियों को भी थाना लाकर कड़ाई से पूछताछ किया गया, जिस पर आरोपियों ने घटना में संलिप्तता को स्वीकार किया।
पुलिस ने बताया कि सुनील केडिया की दिल्ली निवासी एक युवती से दोस्ती थी जिसे सुनील केडिया द्वारा दिल्ली के द्वारिका में एक फ्लैट क्रय कर दिया गया था। इसी दौरान सुनील केडिया को पता चला कि युवती की दोस्ती पहले से रायपुर निवासी संदीप जैन नामक व्यक्ति से है जिसको लेकर सुनील केडिया नाराज रहता था एवं युवती से उसका आये दिन झगड़ा विवाद होता था। एक बार सुनील केडिया का युवती से बहुत अधिक झगड़ा होने पर सुनील केडिया ने युवती को फ्लैट से निकाल दिया एवं फ्लैट को किसी अन्य व्यक्ति के पास बिक्री कर दिया था।
युवती द्वारा सुनील केडिया के मोबाईल नंबर को ब्लॉक कर दिया गया था जिससे वह काफी परेशान रहता था एवं अन्य मोबाईल नंबरों से कॉल कर युवती से बात करने का प्रयास करता था। इसी दौरान संदीप जैन से युवती की लगातार बात होती थी यह बात सुनील केडिया को नागवार गुजरा एवं वह बहुत नाराज था, जिससे क्षुब्ध होकर सुनील केडिया ने संदीप जैन की हत्या करने की साजिश रच डाली तथा अपनी साजिश में अपने साथ काम करने वाले संतोष सिंह को शामिल करते हुए उसे संदीप जैन की हत्या करने कर मोटी रकम देने कहा, कि आरोपी सुनील केडिया के बोलने पर संतोष सिंह ने अमन शर्मा निवासी सुंदरगढ़ उडीसा को रायपुर निवासी संदीप जैन की हत्या करने कहा था, जिस पर आरोपी अमन शर्मा ने घटना को अंजाम दिया था।