रायपुर

कांग्रेस अधिवेशन का आज अंतिम दिन... क्या होंगे मुद्दे... क्या होगा आज खास... पढ़िए पूरी खबर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का 85 वां अधिवेशन बीते दो दिनों से जारी है और आज अधिवेशन का आखिरी दिन है। एक दिन पहले कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी राजनीतिक पारी के समापन के संकेत से सभी कांग्रेसियों को चौंका दिया है, तो दूसरी तरफ उन्होंने पार्टी में 50 से कम उम्र के लोगों को 50 फीसदी सीट देने की वकालत करते हुए कांग्रेस में नवाचार को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। 

आज अधिवेशन के अंतिम दिन राहुल गांधी का संबोधन होगा। निश्चित तौर पर भारत जोड़ों यात्रा और यात्रा के दौरान का वृतांत राहुल के संबोधन का हिस्सा होगा। कांग्रेस को इस भारत जोड़ों यात्रा से काफी ज्यादा उम्मीदें भी हैं। राहुल गांधी के भाषण के बाद 3 प्रस्ताव पर चर्चा होगी और फिर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन के साथ ही इस अधिवेशन के समापन की घोषणा की जाएगी। 

 
जानकारी के मुताबिक अधिवेशन के आखिरी दिन कृषि-किसान कल्याण, युवा रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण जैसे प्रस्ताव पर बात होगी। अधिवेशन के समापन में होने वाली मेगा रैली में करीब दो लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।

इससे पहले बीते दो दिनों में जो खास रहा, उसमें पहले दिन स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें यह फैसला हुआ कि कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के चुनाव नहीं होंगे। बैठक में शामिल सदस्यों ने आम सहमति से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को CWC मेंबर चुनने का अधिकार दिया। इसके साथ ही संगठन में SC-ST, OBC, युवाओं और महिलाओं को 50 फीसदी तक आरक्षण देने का फैसला हुआ। वहीं दूसरे दिन एक तरफ जहां प्रियंका वाड्रा रायपुर पहुंची और उनके स्वागत के लिए दो किमी तक गुलाब की पंखुड़ियों से कालीन बनाया गया, तो सोनिया गांधी ने राजनीतिक सन्यास की ओर इशारा कर दिया।