रायपुर

बाल सुधार गृह माना से हत्या और दुष्कर्म के आधा दर्जन आरोपी फरार

रायपुर। राजधानी के माना स्थित बाल सुधार गृह से एक बार फिर आधा दर्जन बाल अपराधी फरार हो गए। भागने वाले इन अपराधियों पर हत्या, दुष्कर्म और चाकूबाजी जैसे गंभीर मामले दर्ज है। बताया जा रहा है कि यह सभी अपराधी बाल सुधार गृह की खिड़की तोड़कर फरार हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, माना बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार-मंगलवार दरमियानी लगभग रात 1 बजे हत्या, दुष्कर्म, चाकूबाजी जैसे गंभीर मामले में बंद आधा दर्जन बाल अपराधी खिड़की तोड़कर भाग निकले। इंचार्ज ने दो दिनों तक फरार बाल अपराधियों की छानबीन की लेकिन नहीं मिले. जिसके बाद इसकी रिपोर्ट पुलिस में की गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार बाल आरोपियों की तलाश में जुट गई हैय़ माना थाने में दर्ज फरार बाल अपराधियों की शिकायत के अनुसार सड्डू में मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपी समेत आधा दर्जन बाल अपराधी जो बाल गृह की खिड़की तोड़कर भाग निकले। इसमें टिकरापारा के तीन, सड्डू के एक और कुरूद का एक बाल अपराधी शामिल है।

बतादें कि कुछ माह पहले माना बाल संप्रेक्षण गृह में बंद बाल अपराधियों ने नाइट इंचार्ज पर हमला कर गमछे से गला घोटने का प्रयास किया और फरार हो गए थे। घटना में नाइट इंचार्ज गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहीं मामले में पुलिस ने बाल अपराधियों को कुछ ही दिनों में गिरफ्तार कर लिया था।