रायपुर

रायपुर प्रेस क्लब का चुनाव 17 फरवरी को.... 784 सदस्य चुनेंगे नये पदाधिकारी

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों का चुनाव 17 फरवरी को होना है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो चुका है। इस बार 784 सदस्य अपने नये पदाधिकारी का चयन करेंगे। रजिस्ट्रार फर्म्स एवं संस्थाएं तथा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेश पर अपर कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी बीसी साहू ने इस संबंध में चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की है। बतादें कि प्रेस क्लब के चुनाव से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष के एक-एक तथा संयुक्त सचिव के दो पदो पर प्रत्याशी चुने जाएंगे।

प्रेस क्लब चुनाव के लिए 2 फरवरी से 7 फरवरी तक नाम निर्देशन पत्र कलेक्टोरेट परिसर स्थित कक्ष क्रमांक 11 में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक होगा। 8 फरवरी को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 9 फरवरी को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उसके बाद निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची कलेक्टोरेट परिसर कक्ष क्रमांक 11, तहसील कार्यालय सहित प्रेस क्लब भवन में भी प्रदर्शित की जाएगी। मोतीबाग स्थित, प्रेस क्लब भवन में 17 फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतों की गणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद 17 फरवरी को ही प्रेस क्लब भवन रायपुर में की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र कलेक्टोरेट परिसर रायपुर के कक्ष क्रमांक 11 से प्राप्त किए जा सकेंगे। अध्यक्ष पद के लिए नाम निर्देशन पत्र का शुल्क 2 हजार रूपये और अन्य पदों के लिए 1 हजार रूपये निर्धारित किया गया है।

बता दें कि प्रेस क्लब रायपुर के संविधान के मुताबिक निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल एक वर्ष नियत है। लेकिन, पिछले पांच सालों से रायपुर प्रेस क्लब आम चुनाव से वंचित रहा और पुरानी कार्यकारिणी के द्वारा कार्यकाल ख़त्म होने के बाद भी कभी मतदाता सूची तो कभी कोरोना काल के नाम से चुनावी प्रक्रिया को टाला जाता रहा।