लोकसभा चुनाव 2024: EVM मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच 5 से 14 फरवरी तक
रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव के पूर्व सभी EVM की प्रथम स्तरीय जांच 5 से 14 फरवरी तक करने के निर्देश जारी किए है। जांच को संपन्न करने के लिए निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी जिला एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा तकनीकी टीम का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया है।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि प्रत्येक जिला मुख्यालयों में बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट तथा वीवीपेट की प्रथम स्तर की जांच (एफएलसी ) की जाएगी। जांच के दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है। इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त दलों को भी इस संबंध में जानकारी भेजी गई है।
कंगाले ने आगे बताया कि ऐसे विधानसभा क्षेत्रों के EVM को जांच से पृथक रखा जाएगा जहां के निर्वाचन परिणामों को लेकर न्यायालयों में मामले लंबित हैं। शेष सभी क्षेत्रों के EVM की जांच की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के सचिव बीएस पात्रा के पर्यवेक्षण में आयोजित ऑनलाइन प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम मशीनों की जांच संबंधी सभी आवश्यक बिन्दुओं पर प्रकाश डाला गया। साथ ही लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों के विभिन्न पहलुओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान झारखंड की नोडल अधिकारी एवं प्रशिक्षक गीता चौबे ने प्रशासनिक पहलुओं तथा इलेक्ट्रानिक कार्पोरेशन आफ इंडिया के उप महाप्रबंधक पीसी मंडल ने EVM जांच संबंधी तकनीकी पक्षों पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, तकनीकी टीम के सदस्यों के साथ ही संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पीएस ध्रुव, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यूएस अग्रवाल , अपूर्व प्रियेश टोप्पो, सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रूपेश वर्मा एवं अरविंद शर्मा उपस्थित थे।