रायपुर

‘स्वामी विवेकानंद सरोवर-बूढ़ातालाब पथ’ का लोकार्पण... स्कूली छात्राओं को मिली राहत

रायपुर। विवेकानंद सरोवर-बूढ़ातालाब पथ निर्माण से अब स्कूली छात्राओं तथा नागरिकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कम दूरी का सुरक्षित और सुगम पथ मिल गया है। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव मुख्य आतिथ्य और संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने स्वामी विवेकानंद सरोवर-बूढ़ातालाब पथ का लोकार्पण किया।

रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने स्वामी विवेकानंद सरोवर-बूढ़ातालाब पथका निर्माण कराया है।  इसके निर्माण से अब स्कूली छात्राओं तथा नागरिकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कम दूरी का सुरक्षित और सुगम पथ मिल गया है। रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम के आयुक्त अबिनाश मिश्रा और नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे भी लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुईं।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि रायपुर स्मार्ट सिटी और छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय जन सुविधाओं को आम नागरिकों तक त्वरित गति से पहुंचाने संकल्पित भाव से अग्रसर है। स्वच्छता व अन्य बुनियादी जन सुविधाओं को पूरा करने शहरी प्रशासन अब केन्द्र व राज्य शासन के मार्गदर्शन में तेजी से काम कर रही है। मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप केवल एक माह के भीतर इस मार्ग का निर्माण कर शहरवासियों को लोकार्पित किया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सराहना की। अग्रवाल ने कहा कि इस रास्ते के निर्माण से अब लोग राह चलते भी बूढ़ातालाब की विरासत को करीब से देख पाएंगे।

रायपुर नगर निगम के आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने कार्यक्रम में बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए करीब 85 लाख रुपए की लागत से इस आंतरिक पथ का निर्माण रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने लगभग एक माह के भीतर पूर्ण किया है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के ए.एच.पी. एवं बी.एल.सी. के 22 हितग्राहियों को आबंटन संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के व्यक्तिगत व समूह लोन हेतु राशि अंतरण के चेक भी वितरित किए गए।