मंत्री दयालदास बघेल के बंगले में मिली जवान की लहूलुहान लाश.... गोली चलने के बाद मचा हड़कंप
रायपुर। राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां मंत्री दयालदास बघेल के बंगले में सीएएफ के जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि देर रात बंगले के गार्ड रूम में गोली चलने की आवाज आने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंत्री दयालदास बघेल के स्टेशन रोड स्थित बंगले में जवान रोहित सलामे की पोस्टिंग थी। रात करीब 2 बजे रोहित ड्यूटी से अपने गार्ड रूम में पहुंचा था। इसके बाद उसने अपने सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। बताया जा राह है कि मृतक जवान एक सप्ताह पहले 25 दिन की छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था।
मंत्री के बंगले से गोली चलने की आवाज आने के बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दूसरे जवान मौके पर पहुंचे, जहां रोहित सलामे की लहूलुहान लाश पड़ी थी। सूचना मिलते ही गंज थाना से पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंज थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के वक्त मंत्री दयाल दास बघेल बंगले में ही मौजूद थे। जवान ने किन कारणों से यह आत्मघाती कदम उठाया, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने घटना पर प्राथमिकी दर्ज कर घटना के कारणों की जांच कर रही है।