रायपुर

आपने भी किया है महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन तो ऐसे जांचें अपने आवेदन की स्थिति

रायपुर। महतारी वंदन योजना के प्रथम चरण में 20 फरवरी को शाम 6 बजे के बाद आवेदन लेने का सिलसिला थम गया।  आवेदनों के सत्यापन के उपरांत जल्द ही अंतिम सूची जारी की जाएगी। अगर आपने भी योजना का लाभ लेने के लिए आनलाइन या आफलाइन आवेदन किया है तो अपने आवेदन की स्थिति जानने के लिए आपके विभागीय वेबसाइट में जाना होगा।  जिसका लिंक https://mahtarivandan.cgstate.gov.in/beneficiary-application-status है।

आनलाइन आवेदन करने वालों को वेबसाइट में जाकर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर या आधार नंबर से आवेदन की स्थिति पता चलेगी। वहीं आफलाइन आवेदन करने वालों को भी इसी प्रक्रिया का पालन करना होगा। आनलाइन आवेदन करने वालों को पहले आंगनबाड़ी स्तर फिर सुपरवाइजर या निगम द्वारा स्वीकृति मिलेगी।

बतादें कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की छत्तीसगढ़ की जनता को दी गई गारंटी पूरी करने जा रही है। योजना के तहत छत्तीसगढ़ की पात्र विवाहित महिलाओं के खाते में प्रति माह एक हजार रूपए, इस प्रकार साल में 12 हजार रुपये अंतरित किए जाएंगे।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक 70 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके है। महतारी वंदन योजना के प्रथम चरण में आवेदनों के प्राप्त होने के साथ-साथ सत्यापन की कार्यवाही भी की जा रही है। प्रथम चरण के बाद फिर से अगले चरण में पात्र हितग्राहियों को आवेदन करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। यह प्रक्रिया सतत् चलती रहेगी।