रायपुर

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर का मैसूर में भव्य प्रदर्शन... 'बायन' वन एक्ट प्ले ने खूब बटोरी तालियां

रायपुर। भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) के तत्वाधान में  जेएसएस साइंस एंड टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय, मैसूर (कर्नाटक) में 22 से 26 फरवरी 2024 तक चलने वाले अंतर-विश्वविद्यालयीन युवा-उत्सव  के दौरान, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की युवा उत्सव टीम ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को मनमोहक ढंग से प्रस्तुत किया। 'बायन' नामक वन एक्ट प्ले के माध्यम से, टीम ने थियेटर विधा में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को कर्नाटक और तेलंगाना के समक्ष उत्कृष्टतापूर्वक प्रस्तुत किया। इसके अलावा, साहित्यिक विधा में वाद-विवाद प्रतियोगिता (विषय: 'डिजिटलीकरण से भारत में भ्रष्टाचार में कमी आई है'), नृत्य विधा में शास्त्रीय नृत्य, और ललित कला विधा में कोलाज, मेहंदी, रंगोली के जरिए छत्तीसगढ़ की विविध सांस्कृतिक विरासत को उत्साहपूर्वक प्रदर्शित किया ।

24 फरवरी 2024 को, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की प्रतिभाशाली टीम मैसूर में विविध कला रूपों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी, जिसमें संगीत विधा के अंतर्गत लाइट वोकल सोलो, क्लासिकल वोकल सोलो (नॉन-परकशन), ललित कला विधा में ऑन द स्पॉट पेंटिंग, और साहित्यिक विधा भाषण (विषय: 'विकसित भारत@2047') शामिल हैं।

इस आयोजन के माध्यम से, पं. रवि शंकर विश्वविद्यालय की युवा उत्सव टीम छत्तीसगढ़ की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर को न केवल राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित कर रही है बल्कि विविधता में एकता के भारतीय सिद्धांत को भी मजबूती प्रदान करने में  योगदान कर रही है।