रायपुर

तकनीकी विवि के आर्यभव भवन को बच्चों को सौंपेगे सीएम साय... शाम को पहुंचेंगे राजिम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 4 मार्च को भिलाई में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकांनद तकनीकी विश्वविद्यालय के शैक्षणिक भवन के आर्यभट्ट भवन सहित 209 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। इन कार्यों में दुर्ग संभाग में 175 करोड़ 90 लाख की लागत से नव निर्मित 43 कार्यों का लोकार्पण और 9 करोड़ 39 लाख रूपए के 9 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।  वहीं शाम को वे जानकी जंयती पर दूसरा पर्व स्नान और शोभायात्रा में शामिल होंगे।

सीएसवीटीयू परिसर में आर्यभट्ट भवन लगभग 10 करोड़ 36 लाख रूपए की लागत शैक्षणिक भवन तैयार किया गया है। इस भवन में विभिन्न पाठ्यक्रम डिप्लोमा, बी टेक (ऑनर्स), एम् टेक एवं पी एच डी की कक्षाएं संचालित होंगी एवं छात्रों के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट हेतु  अंतर्राष्ट्रीय कंपनी न्यूक्लियस टेकका ऑफिस संचालित होगा। नवीन युवा उद्यमियों को इन्क्यूबेशन सेंटर एवं वित्तीय सहायता के लिए इस भवन में सीएसवीटीयू-फोर्टे का संचालन होगा। इसके अलावा यहां बिजनेस मॉडल और प्रौद्योगिकी वाले कुछ स्टार्ट-अप को आरईसी, नई दिल्ली के सी एस आर से सीएसवीटीयू भिलाई में शुरू किया जाएगा।

राजिम कुंभ कल्प मेला में जानकी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का शिव महापुराण कथा सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री अरूण साव करेंगे। राजिम कुंभ कल्प में जानकी जयंती के पावन पर्व पर दूसरा पर्व स्नान किया जाएगा। जानकी जयंती का पर्व पौराणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। श्रद्धालुगण त्रिवेणी संगम स्थित कुंड में स्नान कर पुण्य लाभ के भागीदार बनेंगे। इस अवसर पर माता जानकी की विशाल शोभा यात्रा पूरे धार्मिक आयोजनों के साथ निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण शामिल होंगे।