प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने शासन की योजनाओं का निचले स्तर तक पहुंच सुनिश्चित करने दिए कड़े निर्देश
रायपुर | प्रदेश के शिक्षा, पर्यटन एवं संस्कृति तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने देर रात कांकेर में जिला स्तर के अधिकारियों की मैराथन बैठक लेकर केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करने और शासन की मंशानुरूप निचले स्तर पर पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री अग्रवाल ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे किसी भी योजना के क्रियान्वयन से पहले व्यवस्थित रणनीति तैयार कर लें ताकि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ लेने से वंचित ना रह जाए। साथ ही यह भी कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को विकसित बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे हम सबको मिलकर पूरा करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के नई सरकार से जनता को बहुत सी आकांक्षाएं एवं उम्मीदें हैं और जनता के उम्मीदों के अनुरूप पिछले तीन महीने में ही हमारी सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
प्रभारी मंत्री अग्रवाल ने बैठक में उद्यानिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि फलोत्पादन के क्षेत्र में कांकेर जिले को विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने लिची अथवा सीता फल के बंपर उत्पादन के लिए कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से नर्सरी, किसानों को प्रशिक्षण देकर उन्हें प्रोत्साहित करने व जैविक खेती पर जोर देने की बात कही। स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्मार्ट क्लासेस की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए। इसी तरह जल संसाधन, पशुपालन, कृषि, आदिवासी विकास विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद मोहन मंडावी, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, जिला पंचायत कांकेर के अध्यक्ष हेमंत ध्रुव सहित जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला एवं सर्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।