राजधानी की सीमा में धड़ल्ले से चल रहा मुरम का अवैध उत्खनन... राजस्व अमले ने की छापामार कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर की सीमा में मुरम का अवैध उत्खनन धड़ल्ले से जारी है। लगातार आ रही शिकायतों के बाद जिला राजस्व विभाग की टीम ने रायपुर जिले के गोबरा नवापारा तहसील के घोरभट्टी में एसडीएम रवि सिंह के नेतृत्व में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान उत्खनन में लगे 2 चैन माउंटेन और 3 हाइवा को जब्त किया गया।
कार्रवाई के बाद मुरम का अवैध उत्खनन करने वालों के बीच हड़कंप मच गया। एसडीएम सिंह ने बताया कि उन्हें गांव में अवैध मुरम उत्खनन की शिकायत मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे तो खसरा नंबर 128 में अवैध उत्खनन होता पाया गया। अवैध मुरूम उत्खनन में लगे 2 चैन माउंटेन और 3 हाइवा को जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पिछले 15 दिनों से 24 घंटे बेतहाशा अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था। इसके बावजूद खनिज विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। ग्रामीणों का कहना है कि ऊपर से कोई दबाव आता है तभी खनिज विभाग कुंभकरणी नींद से जागता है। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि मुरम का उपयोग भारतमाला परियोजना में किया जा रहा था, जो कि केंद्र सरकार की एक बहुत बड़ी परियोजना है।