एयरपोर्ट को लेकर चल रही जनहित याचिका....हाई कोर्ट ने PWD के एसडीओ को भेजा अवमानना नोटिस
रायपुर | बिलासा एयरपोर्ट की बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य पूरा हो जाने की झूठी जानकारी देने पर पीडब्ल्यूडी के एसडीओ आदित्य ग्रोवर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अवमानना नोटिस जारी किया है। बिलासपुर के चकरभाठा स्थित बिलासा एयरपोर्ट की सुविधाओं के विस्तार को लेकर दायर जनहित याचिका पर जस्टिस गौतम भादुड़ी व जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल की डिवीजन बेंच में सुनवाई चल रही है। पिछली सुनवाई के दौरान राज्य शासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी को हाई कोर्ट ने नाइट लैंडिंग, रनवे विस्तार, टर्मिनल बिल्डिंग और दीवारों का कार्य 15 मार्च तक पूरा करने का निर्देश दिए है ।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं को अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि एयरपोर्ट से अप्रैल में केवल 15 और मई में 10 उड़ानें ही दिल्ली के लिए उपलब्ध हैं। इसके अलावा बिलासपुर से दिल्ली के लिए जबलपुर और प्रयागराज होते हुए उड़ानों को जारी रखने की घोषणा की गई थी, जिसका पालन नहीं किया जा रहा है। प्रकरण की अगली सुनवाई 10 अप्रैल को होगी। डिवीजन बेंच ने एलाइंस एयर कंपनी को भी इस पर जवाब देने को कहा है।