रायपुर

ग्रामीण हुए फ़ूड प्वाइजनिंग का शिकार, विवाह समारोह में खराब मिठाई खाने से

रायपुर | सूरजपुर भैयाथान इलाके के केवरा गांव स्थित एक पंडो परिवार में आयोजित विवाह समारोह में तीन दिन पूर्व बनी हुई मिठाई खाने से करीब करीब दो दर्जन से ज्यादा ग्रामीण फ़ूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। इनमें 10 बच्चों व 2 ग्रामीणों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान में उपचार चल रहा है | अभी भी एक बच्चा और एक महिला को भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, केवरा गांव में धीरू पंडो नामक ग्रामीण की पुत्री का 3 मई को विवाह समारोह था। इसके लिए 1 मई को मिठाई बनाई गई थी। 3 मई को विवाह संपन्न होने के बाद भी उसके यहां सामाजिक कार्यक्रम जारी था। 4 व 5 मई को दिन में खाना खाने के बाद करीब 2 दर्जन लोगों को उल्टी दस्त व जी मजलने लगा | इसमे 10 बच्चे भी शामिल थे। जानकारी मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. उत्तम सिंह व डॉ. एम एल कुशवाहा पूरी टीम के साथ गांव में पहुंच गए थे। उन्होंने फ़ूड प्वाइजनिंग के शिकार पंडो समाज के लोगो का उपचार किया। उसके बाद उनमें से दस बच्चों समेत एक युवक व महिला को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान में भर्ती किया गया। उपचार के पश्चात एक बच्चे और एक महिला को अस्पताल में भर्ती रखकर उनका उपचार किया जा रहा है। बाकी लोगो को उपचार के पश्चात उनकी हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया है।