रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार सियासी घमासान और भी ज्यादा रोचक होने के आसार हैं। अब तक भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा टक्कर देखने को मिलता था, लेकिन साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी भी अपना दांव खेलने जा रही है। जिसके लिए रविवार को आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी रायपुर पहुंच रहे हैं।
प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि साल 2023 के विधानसभा चुनाव का लक्ष्य लेकर आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में तैयारी कर रही है। रविवार को उनकी पार्टी के दो प्रमुख नेताओं का आगमन इसी सिलसिले में हो रहा है, जिसके बाद 'बदलबो छत्तीसगढ़' के नारे के साथ ही विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया जाएगा।
विदित है कि छत्तीसगढ़ से पहले पंजाब में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ बिगूल फूंका था और पंजाब में पूर्ण बहुमत वाली कांग्रेस सरकार का सुपड़ा साफ कर पंजाब की सत्ता पर कब्जा जमा लिया। इससे पहले दिल्ली में भी कांग्रेस की सरकार को चारों खाने चित्त करने में आम आदमी पार्टी ने सफलता हासिल की थी।
बात छत्तीसगढ़ की हो, तो यहां पर आम आदमी पार्टी को अपनी जमीन तलाशने की जरुरत तो पड़ेगी। फिलहाल यहां पर आम आदमी पार्टी ने अभी तक अपना वजूद खड़ा नहीं किया, लेकिन सशक्त उम्मीदवारों की लिस्ट सामने आती है, तो कांग्रेस के साथ भाजपा को भी उसी स्तर पर तैयारी करनी होगी।