BIG NEWS : सीएम बघेल के बजट का बेसब्री से इंतजार... सभी जिलों में होगा लाइव प्रसारण... बड़ी सौगात की आस
2023-03-05 11:51 AM
148
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य का अंतरिम बजट 6 मार्च को पेश होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने वर्तमान कार्यकाल का पांचवा और अंतिम बजट पेश करने वाले हैं। इस बजट के बाद छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होना है। लिहाजा इस बार पेश होने वाले बजट को काफी अह्म माना जा रहा है, तो कांग्रेस इस बजट को ज्यादा अहमियत देते हुए प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में लाइव प्रसारण करने की योजना में है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के निर्देश पर सभी जिला मुख्यालयों में एलईडी के माध्यम से सीएम बघेल का बजट प्रसारित कराया जाएगा। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने सभी प्रदेश पदाधिकारियों, सांसद, पूर्व सांसद प्रत्याशी, विधायक, पूर्व विधायक प्रत्याशी, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, पदाधिकारियों, मोर्चा, संगठन, प्रकोष्ठ विभाग के जिला, ब्लाक पदाधिकारियों, सोशल मीडिया के प्रशिक्षिति सदस्यों, नगरीय निकाय, त्रि-स्तरीय पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र के पदाधिकारियों, वरिष्ठ कांग्रेसजन कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे 6 मार्च 2023 को सुबह 11 बजे जिला मुख्यालयों में सीएम भूपेश बघेल का बजट भाषण को बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण करें।
उल्लेखनीय है कि यह बजट कांग्रेस सरकार का चुनावी बजट होगा। इस बजट में सरकार हर वर्ग के लिए कोई ना कोई सौगात पेश करेगी। खासतौर पर किसान, कर्मचारी, अनियमित कर्मचारियों और गृहणियों का ख्याल रखेगी। कांग्रेस सरकार इस बजट के माध्यम से अपने मतदाताओं को साधने का पूरा प्रयास करेगी। जिसकी वजह से प्रदेश कांग्रेस संगठन इस बार बजट का लाइव प्रसारण करने की योजना में है।