रायपुर के उरकुरा स्टेशन के बीच चलती शालीमार-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस पर खंभा गिरा, तीन कोच को नुकसान
रायपुर। राजधानी रायपुर से गुजर रही शालीमार-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई है। राजधानी के समीप उरकुरा रेलवे स्टेशन से गुजरते समय इस ट्रेन के एसी कोच पर एक खंभा गिर गया जिससे खिड़की का कांच टूटा और एक युवक का हाथ कट गया है। कोच में मौजूद एक नाबालिग की आंख में भी चोट आई है।
मिली जानकारी के अनुसार कांच और लोहे के टुकड़े की वजह से कुछ यात्रियों को चोटें आई हैं। डीआरएम और रेलवे के सीनियर ऑफिसर मौके में पहुंच गए हैं। आपको बता दें कि शालीमार लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के बी-6 कोच पर उरकुरा स्टेशन से गुजरने के दौरान खंभा गिरने से एसी कोच की खिड़की का कांच टूटा और छिटक कर यात्रियों को लगा है।
यात्रियों ने बताया कि शालीमार एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18030) की बोगी नंबर एस-6 सहित 2-3 एसी कोच पर रायपुर और उरकुरा के बीच बिजली खंभा गिरा है। यात्रियों के साथ कोच को भी नुकसान पहुंचा है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोक घायलों को अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना पर डीआरएम समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं।