रायपुर

निलंबित आईएएस रानू साहू और सौम्या चौरसिया 27 मई तक EOW की रिमांड पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला घोटले में निलंबित IAS रानू साहू और सौम्या चौरसिया को कोर्ट से बड़ा झटका लगा। कोर्ट ने रानू साहू और सौम्या चौरसिया को चार दिनों की रिमांड पर EOW को सौंपा है। 27 मई तक अब EOW की टीम दोनों अफसरों से पूछताछ करेगी। बतादें कि ईओडब्‍ल्‍यू ने कोयला घोटाले मामले में 15 दिनों की रिमांड कोर्ट से मांगी थी।

ईडी की रिपोर्ट के आधार पर ईओडब्ल्यू ने जनवरी में कोल लेवी घोटाले में करीब 35 लोगों पर एफआईआर की थी। इनमें रानू साहू और सौम्या चौरसिया का भी नाम था। ब्यूरो की टीम एक बार जेल में जाकर पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अभी काफी पूछताछ बाकी है, जिसके आधार पर ब्यूरो ने दोनों का प्रोडक्शन वारंट मांगा।

छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय ने 540 करोड़ के कथित कोयला घोटाले का खुलासा किया था। मनी लॉन्ड्रिंग के इस मामले में ईडी ने आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई और व्यापारी सूर्यकांत तिवारी सहित तीन अन्य को गिरफ्तार किया था। मनी लॉन्ड्रिंग मामला खदानों में लगे ट्रांसपोर्टर और ट्रकों पर अवैध लैवी वसूलने का है। फिर दो दिसंबर 2022 को सौम्या चौरसिया को ED ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद 21 जुलाई 2023 को रानू साहू के देवेंद्र नगर स्थित सरकारी घर पर ED ने छापा भी मारा था। इस दौरान करीब चौबीस घंटे की जांच के बाद ED ने 22 जुलाई की सुबह IAS रानू साहू को गिरफ्तार कर लिया था। तब से दोनों जेल में ही हैं। सौम्या चौरसिया की जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट से खारिज हो चुकी है।