रायपुर

प्रदेश की सभी 11 सीटों पर कुल 1720 राउंड की होगी गिनती, जानिए किस सीट का आएगा सबसे पहले रिजल्ट

रायपुर | 4 जून 2024 मंगलवार को प्रदेश में लोकसभा चुनाव की मतगणना होगी। वहीँ लोकसभा चुनाव की मतगणना की प्रक्रिया 11 रिटर्निंग अधिकारियों और 476 सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की निगरानी में होगी। इस मतगणना में कुल 4362 मतगणना कर्मी शामिल होंगे।

मतगणना की प्रक्रिया न्यूनतम 12 राउंड से लेकर अधिकतम 24 राउंड तक चलेगी। सबसे पहले, सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों की गिनती शुरू होगी।

विशेष रूप से कांकेर और महासमुद में, दो-दो हॉल में मतगणना की जाएगी, जबकि अन्य स्थानों पर एक-एक हॉल में मतगणना होगी।

मतगणना की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर LED स्क्रीन के माध्यम से परिणामों का प्रसारण किया जाएगा।

लोकसभा चुनाव की मतगणना की पूरी तैयारियां मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा कर ली गई है। सभी 11 सीटों पर हुए मतदान की गणना संबंधित सीट के जिला मुख्यालयों में होगी। जिला मुख्यालयों में मतगणना विधानसभावार की जाएगी। जानकारी के अनुसार विधानसभा वार की जाने वाली काउंटिंग में सबसे कम राउंड की गिनती कोरबा सीट पर होगी।

इस सीट पर वोटों की गिनती 142 राउंड में होगी। वहीं सबसे अधिक राउंड की गिनती रायपुर लोकसभा सीट पर 175 राउंड की होगी। प्रदेश की सभी 11 सीटों पर कुल 1720 राउंड की गिनती होनी है। प्रदेश की सभी 11 सीटों को मिलाकुर लोकसभा चुनाव में 72.8 प्रतिशत वोटिंग हुई है। जो कि पिछले 2019 की तुलना में 1.31 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2019 में प्रदेश में 71.49 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।

प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों में से सबसे पहले कोरबा सीट का रिजल्ट आ सकता है, क्योंकि यहां सबसे कम 142 राउंड में मतगणना होगी। इसके बाद जांजगीर- चांपा में 143 राउंड और बस्तर में 144 राउंड में मतगणना होगी। कोरबा के बाद इन दोनों सीट का परिणाम आने की उम्मीद की जा रही है। यदि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि डाक मतपत्रों की गणना 11 रिटर्निंग अधिकारियों के मुख्यालय जिलों में 4 जून को सुबह 8 बजे से शुरू होगी | इसके लिए आवश्यक व्यवस्था एवं तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डाक मतपत्रों को जिला मुख्यालयों में ट्रेज़री स्थित स्ट्रांग-रूम में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ रखा गया है।

मतगणना दिवस को इन मतपेटियों का परिवहन सुबह 6 बजे निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों, उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पूर्ण सुरक्षा के साथ काउंटिंग सेंटर में किया जाएगा। 11 जिलों में डाक मतपत्रों की मतगणना सुबह 8 बजे प्रारम्भ होने के आधे घंटे बाद अर्थात सुबह साढ़े 8 बजे से ईवीएम के मतों की गणना प्रारंभ की जाएगी।